एग्जिट पोल आते ही अपर्णा यादव का बयान, बोलीं- जय भाजपा, तय भाजपा; भाजपा प्लस को 200 से ज्यादा सीटों का अनुमान
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का आखिरी चरण आज (सोमवार)को खत्म हो गया। अब धीरे-धीरे Exit Polls के नतीजे सामने आ रहे हैं। शुरुआती एग्जिट पोल के अनुसार, उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती दिख रही है। तीन एग्जिट पोल में बीजेपी+ को 200 से अधिक सीटें हासिल होती हुई दिख रही हैं। हालांकि, एग्जिट पोल में यह भी कहा जा रहा है कि समाजवादी पार्टी (सपा) कड़ी टक्कर दे रही है।
एग्जिट पोल के नतीजों से भाजपा के नेता उत्साहित दिख रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव ने एग्जिट पोल के Koo पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अपर्णा यादव ने लिखा, 'जय भाजपा, तय भाजपा |' सीएनएन न्यूज 18 की ओर से जारी एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आ रही है। भाजपा गठबंधन के पास 240 सीटें आ रही हैं, सपा के पास 140 तो बसपा के पास 17 सीटें आ रही हैं। जबकि कांग्रेस के खाते में एक भी सीट नहीं आ रही है।