सपा अपने पुराने मुस्लिम-यादव फॉर्मूले पर लौटी, गायत्री प्रजापति की बहू को अमेठी से बनाया उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी (सपा) ने विधान परिषद चुनाव के लिए रविवार को 35 प्रत्याशियों की लिस्ट घोषित कर दी हैं। इनमें से दो सीटें सपा ने अपने सहयोगी दल रालोद को दी है। यह सीटें मेरठ-गाजियाबाद और बुलंदशहर हैं। सपा इस बार अपने पुराने सामाजिक समीकरण ‘एमवाई’ यानी मुस्लिम-यादव पर फिर लौट आई है और 35 प्रत्याशियों के चयन में यादव व मुस्लिम वर्ग को तवज्जो दी है। इसके अलवा सपा ने गायत्री प्रसाद प्रजापति की बहू को अमेठी से उम्मीदवार बनाया है।
पहले चरण की 29 सीटों के अलावा दूसरे चरण के लिए भी प्रत्याशी तय हो गए हैं। इनमें अधिकांश ने अपना नामांकन पत्र दाखिल भी कर दिया है। पहले चरण के लिए नामांकन अब केवल सोमवार तक किया जा सकेगा। सपा ने पिछली बार जीते रविशंकर पप्पू, रमा निरंजन, सीपी चंद की जगह नए चेहरों को उतारा है। यह सब भाजपा में जा चुके हैं। बुलंदशहर से जीते नरेंद्र भाटी भी भाजपा जा चुके हैं। यह सीट सपा ने रालोद को दे दी। बाकी जगह मौजूद एमएलसी को दोबारा टिकट दे दिया गया है। सपा के शशांक व आनंद भदौरिया ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया।