इविवि के रजिस्ट्रार, वित्त अधिकारी को तत्काल हटाने की संस्तुति
राष्ट्रीय महिला आयोग ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ला और वित्त अधिकारी डॉ. सुनीलकांत मिश्र को तत्काल पद से हटाने की संस्तुति की है। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कुलपति प्रो. आरआर तिवारी से यह संस्तुति गुरुवार को चीफ प्रॉक्टर दफ्तर में हुई बैठक के बाद की। बैठक में कुलपति प्रो. तिवारी भी मौजूद थे।
सरकिट हाउस में मीडिया से हुई मुलाकात में उन्होंने कहा कि उनके पास इस बात का प्रमाण है कि रजिस्ट्रार प्रो. शुक्ला पूर्व कुलपति प्रो. आरएल हांगलू से लगातार संपर्क में हैं। गुरुवार
को चीफ प्रॉक्टर दफ्तर में बैठक शुरू होने से पहले किसी ने उनके पास प्रो. हांगलू की ओर से भेजा गया मैसेज फारवर्ड किया। आरोप है कि इसमें प्रो. हांगलू की ओर से संभवत: रजिस्ट्रार को लिखा गया है कि आयोग की अध्यक्ष वहां पहुंचकर मीडिया ट्रायल कर रही हैं, उन्हें लीगल नोटिस जारी
करें। बताया कि उन्हें रजिस्ट्रार की ओर से जारी एक पत्र भी मिला, जिसे संभवत: प्रो. हांगलू को भेजा गया था। इसलिए उन्होंने रजिस्ट्रार और वित्त अधिकारी को तत्काल पद से हटाने की संस्तुति की है। बताया कि वित्त अधिकारी के बारे में भी शिकायतें मिली हैं, वह भी प्रो. हांगलू के करीबी रहे हैं। यह दोनों अफसर इन पदों पर रहते हुए जांच प्रभावित कर सकते हैं इसलिए जांच पूरी होने तक इन्हें पद से हटाने को कहा गया है।
*रिपोर्ट मोहम्मद साबिर*

