आतंकियों के साथ है सपा की संवेनदना : योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा की संवेदना आतंकियों के साथ है। इसका प्रमाण सपा ने वर्ष 2012 में सरकार बनने के बाद उस समय दिया जब आतंकियों के मुकदमे वापस ले लिए। सपा शासन में कर्फ्यू लगते थे। बमबाजी होती थी, दंगे होते थे, लेकिन भाजपा शासन में उल्लास के साथ कांवड़ यात्रा निकलती है।
Cm योगी ने मंगलवार को सोरों स्थित मेला ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया। वे यहां 12:30 बजे पहुंचे। पहुंचते ही उन्होंने मंच संभाला। सबसे पहले भगवान वराह एवं गंगा मैया को नमन किया फिर संबोधन शुरू किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह धरती पूर्व मुख्यमंत्री बाबूजी कल्याण सिंह की कर्मस्थली है। भाजपा सरकार में सोरों को तीर्थ घोषित किया है। जिससे अयोध्या काशी के तरह यहां भी विकास होगा। भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है। हमने कहा था कानून का राज लाएंगे और लेकर ही आए हैं। आगे भी कानून राज कायम रहेगा। दंगा मुक्त, भय मुक्त प्रदेश बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सपा शासन में धार्मिक आस्था पर ठेस थी। पहले कर्फ्यू लगते थे। बाजारों में रंगदारी होती थी, लेकिन अब श्रद्धालु बेखौफ होकर कांवड़ यात्रा निकालते हैं। नौजवानों को रोजगार मिल रहा है। सामूहिक विवाह के कार्यक्रम हो रहे हैं अब अखिलेश यादव रोजगार की बात करते हैं 2012 में सपा सरकार बनने के बाद वह क्या कर रहे थे। हम टेबलेट देते हैं तो सपा चुनाव आयोग से शिकायत करती है। सरकार बनने पर टेबलेट दिए जाएंगे। कोरोना काल में फ्री जांच की, फ्री उपचार किया। डबल इंजन सरकार डबल डोज दे रही है। जीवन और जीविका दोनों को बचाने का कार्य भाजपा ने किया। कोरोना काल में सपा, बसपा, कांग्रेस गायब थे। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशियों के लिए समर्थ मांगा।