up election: करहल के जरिये सपा पर मनोवैज्ञानिक बढ़त लेने की कोशिश, समझिये बीजेपी की रणनीति
समाजवादी पार्टी के मजबूत किले के तौर पर माने जाने वाले मैनपुरी के करहल में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को घेरने की कोशिशों मेंं भारतीय जनता पार्टी जोर-शोर से लगी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अपने पिता मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक गुरु नत्थू सिंह यादव की सीट से पहली दफा विधानसभा चुनाव लड़ रहे अखिलेश यादव की मजबूत घेराबंदी भाजपा की सपा के खिलाफ मनोवैज्ञानिक बढ़त लेने की रणनीति का एक अहम हिस्सा हो सकता है।
20 फरवरी को तीसरे चरण के मतदान में इस सीट का फैसला मतदाता करेंगे। यादव लैंड में अखिलेश के चुनावी रण में उतरने के ऐलान के साथ माना जा रहा था कि भाजपा इस सीट पर औपचारिकता निभाने के लिये कमजोर प्रत्याशी उतार कर सपा अध्यक्ष को आसान जीत का मौका दे देगी, मगर कयासों के विपरीत भाजपा ने जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुये अपने कद्दावर केन्द्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल को टिकट थमा कर आक्रामक रवैये का संकेत दे दिया था।