फिल्मी अंदाज में महिला डॉक्टर को फंसाया, जन्मदिन पर अश्लील फोटो खींची, जेल से मांगी रंगदारी
आगरा में शाहगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर कुख्यात सुधीर सिंह भदौरिया नौ साल बाद फिर सुर्खियों में है। उस पर जेल से फोन करके एक महिला डॉक्टर से पांच लाख रुपये की चौथ मांगने का आरोप है। महिला डॉक्टर ने शाहगंज थाने में मुकदमा लिखाया है। मुकदमे में सुधीर के भाई-भाभी और परिवार के छह सदस्यों को भी नामजद किया गया है। आरोप है कि परिवारीजनों ने महिला डॉक्टर के अश्लील फोटो भी वायरल किए हैं।
महिला डॉक्टर शाहगंज क्षेत्र की निवासी हैं। नर्सिंग होम संचालक है। उनके पति भी डॉक्टर हैं। गुरुवार को शाहगंज थाने में महिला डॉक्टर की तहरीर पर रंगदारी, जहरखुरानी, छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी और अपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत मुकदमा लिखाया गया है।
मुकदमे में फतेहगढ़ जेल में बंद सुधीर सिंह भदौरिया, ऋषि मार्ग शाहगंज निवासी उसके भाई महेश सिंह, बहन ममता सिंह, भाभी गौरी, मां, भाभी की बहन सुमन और रेनू सिंह को नामजद किया गया है।
इस तरह महिला डॉक्टर को फंसाया
महिला डॉक्टर ने मुकदमे में लिखाया है कि उन्हें साजिश के तहत जाल में फंसाया गया। वह पार्क में टहलने जाती थीं। वहां उनकी मुलाकात सुधीर की तलाकशुदा बहन ममता सिंह से हुई। उसने उनसे पहचान बनाई। एक दिन अपने घर बुलाया। वहां अपनी दुखभरी कहानी सुनाई। उस दौरान उनकी मुलाकात सुमन के भाई महेश और भाभी गौरी से हुई। गौरी ने उनसे दोस्ती कर ली। घर आने-जाने लगी।
बातों ही बातों में यह जान लिया कि उनके पास कितनी प्रोपर्टी है। एक दिन उन्हें जन्मदिन की पार्टी में बुलाया। वहां कुछ नशीला पिला दिया। वह बेहोश हो गईं। इस दौरान परिवारीजनों ने साजिश के तहत महेश के साथ उनके अश्लील फोटो खींच लिए। उसके बाद उनके पति को फोन किया। उनके बेहोश होने की जानकारी दी। इस घटना के बाद गौरी ने उन्हें धमकाना शुरू किया।