कासगंज विधानसभा चुनाव परिणाम: खुद के ही गांव से वोट हासिल करने से पिछडे सपा के पूर्व मंत्री, भाजपा ने मार ली बाजी
सपा ने सदर विधानसभा सीट पर पूर्व मंत्री मानपाल सिंह को चुनाव मैदान में उतारा था। पूर्व मंत्री अपने गांव के तीन बूथों पर भाजपा से हार गए। 432 बूथों के मुकाबले 304 पर भाजपा और 119 बूथों पर सपा जीती।
सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने अधिकतम सीटों पर अपना दबदबा कायम रखा, लेकिन इस दबदबे में सपा पिछड़ गई। सबसे अहम बात तो यह रही कि सपा प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री मानपाल सिंह अपने गांव के तीन बूथों पर भाजपा से हार गए, जबकि भाजपा प्रत्याशी अपने गांव के बूथ पर जीते। यदि भाजपा और सपा के सभी बूथों के प्रदर्शन को देखा जाए तो भाजपा 304 बूथों पर सपा के मुकाबले जीती। वहीं सपा भाजपा के मुकाबले 119 बूथों पर जीती।
सदर विधानसभा में 432 बूथों पर वोट डाले गए। सपा ने इस सीट पर पूर्व मंत्री मानपाल सिंह को चुनाव मैदान में उतारा। सपा प्रत्याशी मूल रूप से ढोलना क्षेत्र के महावर गांव के रहने वाले हैं। गांव में उनका एक कॉलेज भी बना हुआ है। मानपाल सिंह इंटर कॉलेज पर तीन बूथों पर वोट डाले गए, जिसमें सपा प्रत्याशी भाजपा से कक्ष संख्या 1 में 43 वोटों से, कक्ष संख्या 2 में 313 वोटों से तथा कक्ष संख्या 3 में 244 वोटों से चुनाव हार गए।
भाजपा व सपा जिला अध्यक्ष अपने-अपने बूथों पर जीते
भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष मूलरूप से टीकमपुरा के रहने वाले हैं। उनके गांव में भाजपा ने जीत हासिल की। भाजपा को 222 वोट एवं सपा को 79 वोट मिले। वहीं सपा जिला अध्यक्ष अल्लीपुर बरबारा के रहने वाले हैं। उनके गांव में सपा ने जीत हासिल की। जूनियर हाई स्कूल अल्लीपुर बरबारा के कक्ष संख्या 1 पर सपा को 573 एवं भाजपा को 4 वोट, कक्ष संख्या 2 पर सपा को 484 एवं भाजपा को 65 वोट मिले।