नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला के भ्रष्टाचारी तरीकों पर डीएम खफा,छापामारी करने पहुँचे पालिका
फर्रुखाबाद।
योगीराज में बेहतर राजनीति कब किस करवट हो जाये इसका अंदाज लगाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन भी है। 17 करोड़ के ठेकों के गोलमाल करने के बाद बीमार पालिका अध्यक्ष और लापता अधिशासी अधिकारी के हाईटेक ड्रामे के बाद आज नगर पालिका पहुंचे जिलाधिकारी ने यहां औचक निरीक्षण कर जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। कहा कि 14वें वित्त में लम्बित 47 करोड़ के निर्माण कार्यों को तेजी से कराया जाये जो ठेकेदार काम नहीं शुरू कर सके उनके विरूध्द ब्लैक लिस्ट की कार्रवाई की जाये।
जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह आज औचक निरीक्षण करने नगर पालिका परिषद पहुंच गये। यहां उन्होंने पालिका में लम्बित
चल रहे म्यूटेशन के मामलों की सूची बनाकर प्राथमिकता से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लम्बित भुगतानों की समीक्षा कर सौ फीसदी भुगतान कराये जायें। बोले कि लगातार बिना सूचना अनुपस्थित चल रही ईओ रश्मि भारती के विरूध्द शासन को रिपोर्ट प्रस्तुत की जाये। उन्होंने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि नियम विरूध्द तरीके से पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल अपने घर पर कैंप कार्यालय बनाकर फाइलों का निस्तारण करती हैं जो कि नियम विरूध्द है। निर्देश दिए कि अध्यक्ष पालिका कार्यालय में ही बैठकर फाइलों का निस्तारण करें। हुक्म की तामीली न करने पर उनके विरूध्द कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक श्रीवास्तव, प्रभारी अधिशासी अधिकारी सीमा तोमर भी मौजूद रहे। डीएम ने कई कर्मचारियों को यहां पर लताड़ लगाई और साफ-सफाई व्यवस्था की बहाली के लिए निर्देशित किया।
वहीं दूसरी ओर जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बरतल का निरीक्षण किया तो वहां उन्हें जानवर बंधे मिले। लोगो ने बताया कि कई माह से अस्पताल नहीं खुला है। एनएम ने बताया कि अभी तक अस्पताल के लिए विद्युत कनेक्श नहीं कराया गया। सीएमओ ने भी कभी अस्पताल का निरीक्षण नहीं किया। जब डीएम ने कमरे खुलवाकर देखे तो उनमें मकड़ी के जाले लगे हुए थे जिस पर डीएम ने एनएम शिवकुमारी को फटकार लगाते हुए अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि वह तत्काल को एनएम को निलंबित करें। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया। वहां देखा कि मरीजों को मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। जिस पर एमओेआईसी से नाराजगी व्यक्त करते हुए व्यवस्थायें सुधारने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया जहां प्रकाश व्यवस्था की कमी पाई गई। कहा कि मध्यान्ह भोजन में लाल मिर्च का प्रयोग न किया जाये। प्रधानमंत्री आवास भी देखे जहां प्लास्टर और फर्श नहीं मिली। डीएम ने शौचालय निर्माण कार्य का भी जायजा लिया और शौचालयों का उपयोग करने के लिए लोगों को जागरूक किया। यहां डीएम ने चैपाल लगाकर अधिशासी अभियन्ता विद्युत कायमगंज को निर्देश दिए कि वह हर माह उपभोक्ताओं को बिल मुहैया कराये साथ ही कैंप लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने की भी बात कही। चैपाल में लोगों ने बताया कि 2 हैंडपंप खराब हैं जिस पर डीएम ने खण्ड विकास अधिकारी को हैंडपंप सही कराने के निर्देश दिए। बच्चों, गर्भवती महिलाओं व किशोरियों को पुष्टाहार वितरित करने की भी बात कही। इस मौके पर कई अधिकारी मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट शैलेन्द्र वर्मा, सोनू राजपूत की रिपोर्ट
