क्वॉरेंटाइन होने के कारण पत्नी का अंतिम संस्कार भी नहीं कर सका
समस्तीपुर/मोरवा
अपनी पत्नी की मौत की खबर सुनते ही महाराष्ट्र से आनन-फानन में एक भाड़े के वाहन से घर पहुंचा युवक, पत्नी का अंतिम संस्कार भी नहीं कर सका। स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत आइसोलेशन सेंटर में भर्ती कर दिया गया। और वह अपनी मृत पत्नी का अंतिम संस्कार करना तो दूर अंतिम समय में पत्नी का मुख भी नहीं देख सका। यह वाकया हुआ है प्रखंड के गुनाई बसही पंचायत के वार्ड संख्या दो में। ब्रह्मदेव मंडल के पुत्र चितरंजन मंडल की पत्नी की प्रसव के दौरान 23 अप्रैल को मौत हो गई।
इसकी सूचना मिलते ही महाराष्ट्र में मजदूरी का काम करने वाले चितरंजन मंडल ने भाड़े पर वाहन को लेकर पत्नी का अंतिम संस्कार करने तो पहुंच गया। लेकिन लॉक डॉउन के कारण उसे आइसोलेशन सेंटर में भर्ती होना पड़ा।मजबूरी में उसके पिता ब्रह्मदेव मंडल को ही अपने पुत्र वधू का अंतिम संस्कार करना पड़ा। यही नहीं लॉक डाउन में क्वॉरेंटाइन रहने के कारण पत्नी का अंतिम संस्कार नहीं करने वाले युवक को अपनी पत्नी के श्राद्ध संस्कार से भी वंचित होना पड़ गया।
समस्तीपुर से अब्दुल कादिर के साथ आर के आंदन