देश में 24 घंटे में करीब 36,000 मरीज मिले, एक्टिव केस का आंकड़ा आज 2.5 लाख के पार होगा
देश में कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को 35,838 लोग पॉजिटिव पाए गए। 17,793 ठीक हुए और 171 की मौत हो गई। इसके साथ ही इलाज करा रहे मरीज, मतलब एक्टिव केस का आंकड़ा 2 लाख 49 हजार 197 हो गया। बीते 24 घंटे में एक्टिव केस में 17,862 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नए संक्रमितों का आंकड़ा 5 दिसंबर के बाद, यानी 101 दिन में सबसे ज्यादा है। 5 दिसंबर को 36,010 केस आए थे। इसके बाद इनमें गिरावट आती गई।
देश में अब तक कुल 1 करोड़ 14 लाख 74 हजार 302 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। 1 करोड़ 10 लाख 61 हजार 170 ठीक हुए हैं, जबकि 1 लाख 59 हजार 250 लोगों की मौत भी हुई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से गुजरात के अहमदाबाद में उद्यानों और पार्कों को गुरुवार से अगले आदेश तक लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। इसके अलावा अहमदाबाद ट्रांसपोर्ट सर्विस (AMTS) और अहमदाबाद बस रैपिड ट्रांजिस्ट सिस्टम ने भी बसों की सर्विस पर भी रोक लगा दी है।
एलायंस एयर, इंडिगो और एयर एशिया ने 7 पैसेंजरों को फ्लाइट में बैठने से रोक दिया। यह फैसला कोरोना नियमों का पालन न करने को लेकर किया गया। इससे पहले 13 मार्च को DGCA ने कहा था कि फ्लाइट के दौरान अगर कोरोना नियमों का पालन नहीं किया गया तो पैसेंजरों को ट्रैवल करने की इजाजत नहीं होगी।
राजस्थान सरकार ने प्रदेश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्राइमरी स्टूडेंट्स को राहत दी है। अब कक्षा 1 से 5वीं क्लास तक के करीब 40 लाख बच्चों को एग्जाम नहीं देने होंगे। इन स्टूडेंट्स को बिना एग्जाम के ही अगली क्लास में प्रमोट किया जाएगा।
राजस्थान में 6वीं और 7वीं की परीक्षाएं 15 अप्रैल से करवाने का फैसला किया गया है। शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
बिहार के CM नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना संक्रमण के मामले में बिहार की स्थिति महाराष्ट्र या अन्य राज्यों जैसी नहीं है। सरकार रात 9 बजे रोज के डेटा की समीक्षा करती है। उन्होंने साफ किया कि बिहार में स्कूल-कॉलेज पहले की तरह चलेंगे, इन्हें रोकने की जरूरत नहीं है।
ब्यूरो रिपोर्ट आजतक 24 न्यूज़