पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई थी पति की हत्या, 8 साल से थे अवैध संबंध, 7 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली :
राजधानी दिल्ली में कथित तौर पर एक महिला ने अपने अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति से पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी संग मिलकर उसकी हत्या करा दी। हत्या के लिए 20 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। पुलिस ने इस कांड को महज 24 घंटे के अंदर सुलझाने का दावा करते हुए आरोपी महिला और उसके प्रेमी सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों की पहचान सीमा, गौरव तेवतिया, रिंकू पंवार (22), सौरभ चौधरी (23), प्रशांत (22), परविंदर (23), विशन कुमार (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि रोहिणी के हेलीपोर्ट रोड पर प्रदीप का शव मिलने के एक दिन बाद यह सभी गिरफ्तारियां की गई हैं।
पुलिस ने कहा कि प्रदीप पेशे से दूधिया था और रोहिणी के रिठाला का रहने वाला था और उसकी पत्नी सीमा के पिछले आठ साल से गौरव तेवतिया के साथ अवैध संबंध थे और वह उसके साथ ही रहना चाहती थी। सीमा को प्रेमी के साथ रहने के लिए पति से पीछा छुड़ाना था। इसके लिए सीमा और गौरव ने मिलकर प्रदीप (35 वर्षीय) की हत्या का प्लान बनाया था। गौरव ने हत्या के लिए अपने पांच साथियों को चार-चार लाख रुपये की सुपारी की थी।
पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) प्रणव तायल ने कहा कि सोमवार को हेलीपोर्ट रोड पर एक शव पड़ा होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान प्रदीप के रूप में हुई थी जो पेशे से दूधिया था। उसके शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर गोली लगी थी। उसे बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने इस संबंध में हत्या और आर्म्स एक्ट की अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज जांच शुरू कर दी थी। मृतक और संदिग्धों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही पुलिस ने मुखबिरों को भी काम पर लगाया था।