पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ भाजपा का काला दिवस, गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन
भाजपा जिलाध्यक्ष रामदरश यादव को झूठे मुकदमे में फंसाने एवं इसी बहाने महादेवगंज स्थित उनके घर आधी रात को पुलिस द्वारा छापेमारी के नाम पर परिजनों को प्रताड़ित करने के आरोप में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को काला दिवस मनाते हुए यहां गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से राजमहल विधायक अनंत कुमार ओझा मौजूद थे। धरना का नेतृत्व भाजपा नगर अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया।
धरना पर बैठे भाजपा कार्यकर्ता काली पट्टी बांध रखे थे। कार्यकर्ताओं के हाथों में लोकतंत्र की हत्या बंद करो, साहिबगंज में पत्थर लदे ओवर लोडेड ट्रकों का परिचालन बंद करो, पुलिस का राजनीतिकरण बंद करो सरीखे स्लोगन वाली तख्तियां थीं। मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।