बिना बारात के ससुराल पहुंचा दूल्हा, सात फेरों के बीच आंखों से टपकने लगे आंसू,
हादसे में सात बारातियों की मौत के चलते बिन बारात के गुमसुम दूल्हा गांव पहुंचा तो सनसनी फैल गई। साथियों की मौत की सूचना आने के साथ ही अधिकांश बाराती गांव से पहले ही लौट कर वापस चले गए थे। कुछ मदद के लिए अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद बेहद गमगीन माहौल में शादी की रस्में निभाई गई। इस दौरान हर एक की आंख नम थी। दूल्हे की आंख से भी कई बार आंसू टपके।
मुरादाबाद के डिलारी थाना क्षेत्र रहरा माफी गांव निवासी विशाल की शुक्रवार को अजीमनगर थाना क्षेत्र के काशीपुर आंगा बारात आई थी।
दूल्हा की गाड़ी के साथ चल रही बारातियों से भरी इनोवा कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में सात बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया था। दुल्हन शीतल के गांव पहुंचने से पहले ही सारे बाराती वापस लौट आए थे। कोई बाराती हादसे की ओर भागा तो कोई जिला अस्पताल में घायलों की मदद को पहुंच गया। अधिकतर बाराती लौट कर वापस अपने गांव की ओर रवाना हो गए।