MLC बनने की दौड़ में भाजपा के कई पदाधिकारी, आज आ सकती है सूची
विधान परिषद की स्थानीय निकाय क्षेत्र कोटे की 36 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में भाजपा पूरा दमखम लगा रही है। पार्टी का प्रयास हर हाल में परिषद में बहुमत पाने का है। बाहर से आए करीब आधा दर्जन एमएलसी के समायोजन के साथ ही पार्टी इस बार अपने कई पदाधिकारियों को विधान परिषद भेजने की तैयारी में है। प्रत्याशियों की सूची बुधवार को आ सकती है।
विधान परिषद की 36 सीटों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। भाजपा प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप देने को सोमवार रात मुख्यमंत्री आवास में पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में मंथन हुआ था। प्रत्याशियों के नामों का ऐलान केंद्रीय चुनाव समिति की हरी झंडी के बाद होगा। पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रदेश भाजपा के कई प्रदेश पदाधिकारी स्थानीय निकाय क्षेत्र कोटे की सीट के जरिए विधान परिषद पहुंचने को प्रयासरत हैं। इनमें से तीन से चार लोगों को टिकट मिलने की प्रबल संभावन है। फ्रंटल संगठन के पदाधिकारी भी टिकट की दौड़ में हैं। वहीं गोरखपुर सीट से सीपी चंद्र, बलिया से रविशंकर सिंह पप्पू, काशी क्षेत्र से शतरुद्र प्रकाश सहित बाहर से आए कई चेहरों पर पार्टी दांव लगा सकती है।