निधौली कलां में धूमधाम से निकली वीरांगना अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती पर भव्य शोभायात्रा
निधौली कलां (एटा)। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को निधौली कलां कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन के बीच निकली शोभायात्रा से पूरा कस्बा वीरांगना अवंतीबाई लोधी के जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और विभिन्न सुसज्जित वाहन शामिल रहे। लोगों ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी के साहस, शौर्य और देशभक्ति को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। हाथों में झंडे और वीरांगना अवंतीबाई लोधी के चित्र लेकर लोग यात्रा में शामिल हुए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया था। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य उनके संघर्ष और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाना है।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने शोभायात्रा में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
ब्यूरो रिपोर्ट - श्रीनिवास राजपूत






