पुलिस की गोली से महिला की मौत का मामला: अखिलेश यादव कल सिद्धार्थनगर जाएंगे, पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को सिद्धार्थनगर पहुंचेंगे। वह वहां सदर थाना क्षेत्र के कोड़रा ग्रांट गांव के इस्लामनगर टोला जाएंगे जहां पुलिस दबिश के दौरान शनिवार रात एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई थी। वह पीड़ित परिवार से मिल कर उनके दुख दर्द को बाटेंगे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से जिले का सियासी पार गर्म हो जाएगा।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ से कार से बुधवार को जिले में पहुंचेंगे और दिन में दो बजे सीधे कोड़रा ग्रांट गांव के इस्लामनगर टोला में पहुंचेंगे। वह गांव में आधे घंटे रुक कर पीड़ित परिवार से मिलकर बातचीत करेंगे। इसके बाद 2:30 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से रोशनी हत्याकांड का मामला और गर्म होगा। सपा पहले दिन से ही हमलावर बनी हुई है। कांग्रेस का भी प्रतिनिधि मंडल सोमवार को गांव का दौरा कर पीड़ित परिवार से मिल चुका है। सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की जानकारी देते हुए कहा कि वह दो बजे कोड़रा ग्रांट गांव पहुंच कर पीड़ित परिवार से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सपा हर हाल में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगी और गुनहगारों को सजा दिलाने के लिए अगर आंदोलन की जरूरत पड़ेगी तो वह करेगी।