चाय विक्रेता युवक की हत्या, नुमाइश मैदान में फेंका शव
अलीगढ़
फायर बिग्रेड कालोनी का चाय विक्रेता का शव नुमाइश ग्राउंड में पड़ा हुआ मिला। पोस्टमार्टम में सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट आने को आधार मानते हुए पुलिस जांच में जुटी हुई है। अलीगढ़ के बन्नादेवी क्षेत्र के फायर बिग्रेड कालोनी के चाय विक्रेता युवक की हत्या कर शव नुमाइश मैदान में फेंक दिया गया। रविवार सुबह शव मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम में सिर में चोट से मौत उजागर होने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभी कारण उजागर नहीं हुआ है।
फायर बिग्रेड कालोनी का 27 वर्षीय पवन शर्मा चाय की दुकान चलाता था। शनिवार शाम वह चार बजे घर से दुकान के लिए गया। फिर नहीं लौटा। रात भर परिजन उसे तलाशते रहे। इसी बीच रविवार सुबह नुमाइश मैदान में बालू के ढेर के पास उसका शव पड़ा मिला। खबर पर पुलिस भी पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस बीच पत्नी खुशबू एक बेटी को लेकर रोती बिलखती पोस्टमार्टम केंद्र पहुंच गई।
पोस्टमार्टम में मौत का कारण सिर में गंभीर वजनी वस्तु से चोट लगना पाया गया। इस पर परिवार ने अज्ञात लोगों पर हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है, जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। मृतक की पत्नी खुशबू ने बताया कि रात आखिरी बार रात 12 बजे उसने अपने पति को फोन किया था। उसने दस मिनट में घर आने की बात कही थी। इस दौरान पीछे से आवाज आ रही थी कि फोन काट जल्दी। इसके बाद फोन नहीं आया, फोन बंद हो गया।
युवक की हत्या में पत्नी-साली गिरफ्तार, साढ़ू की तलाश
देहलीगेट के नगला मसानी में दंपती विवाद में युवक की ट्रैक पर लाश मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर पत्नी व साली को गिरफ्तार कर लिया। अभी मुकदमे में नामजद साढ़ू की तलाश चल रही है। रविवार को गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
बता दें कि नगला मसानी के 24 वर्षीय लक्ष्मण का पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद उसका शव रात में बरौला पुल के पास ट्रैक पर मिला था। इस मामले में भाई ने पत्नी, साली व साढ़ू पर हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। इसे लेकर परिवार ने मुकदमा दर्ज न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए जाम भी लगाया था। बाद में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इसी मुकदमे में नामजद पत्नी मधू, साली गीता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं साढ़ू मुकेश की तलाश की जा रही है।