राजस्थान: युवक-युवती को बांध कर पीटने का वीडियो वायरल, अवैध संबंध के शक में की गई हैवानियत
उदयपुर जिले के पहाड़ा थाना क्षेत्र के उखेड़ी गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल एक युवक गांव में ट्रैक्टर खड़ा कर एक घर में पानी पीने गया तो कुछ लोगों ने उसे धक्का देकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वहां कुछ अन्य लोग भी एकत्र हो गए। भीड़ ने इस युवक पर पड़ोस में रहने वाली महिला के साथ अवैध संबंध का आरोप लगाया। इसके बाद उस महिला और युवक को बांध दिया गया और फिर दोनों की बेरहमी से पिटाई की गई। महिला के पति ने दोनों को लाठियों से पीटा। मामला थाने पहुंचा तो पुलिस वीडियो के आधार पर महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पहाड़ा थाने के एसएचओ नागेंद्र सिंह ने इस घटना की पुष्टि की और बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। ड्यूटी पर तैनात ऑफिसर एएसआई नारायणलाल ने बताया कि मणिलाल नाम का एक युवक जो उखेड़ी गांव में ट्रैक्टर लेकर रेत (बजरी) भरने गया था। तभी उसे प्यास लगी तो वो बस्ती में एक घर में पानी पीने चला गया। यह घर संजय का था। यहां संजय की पत्नी और एक अन्य महिला मौजूद थी। संजय की पत्नी पानी लेने के लिए अंदर गई, तभी कुछ लोगों ने उसे धक्का देकर एक कमरे में बंद कर दिया। आसपास महिलाओं को एकत्र कर लिया गया और आरोप लगाया कि संजय के घर पर मौजूद एक अन्य महिला के साथ वो गंदी हरकत करने आया था।