अप्रैल जैसी नहीं तपेगी मई, पारा 38 से 44 डिग्री तक रहने की सम्भावना
अफगानिस्तान और पाकिस्तान में दूर-दराज पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता और मई के आखिरी में प्री-मानसून गतिविधियों के कारण मई में गर्मी से मामूली राहत बनी रहेगी।
फिलहाल तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। मई के तीसरे सप्ताह में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अप्रैल जैसी 45 डिग्री वाली भीषण गर्मी की संभावना कम है। मौसम विभाग की नजरें अब मानसूनी गतिविधियां पढ़ने में लगी हैं। दीर्घ अवधि पूर्वानुमान ने पहले जता दिया की मानसून सामान्य रहेगी। अगले छह दिनों तक दिन का तापमान 38 से 41 डिग्री रहने की संभावना है। रात में थोड़ी गर्मी बढ़ सकती है। न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री तक रहेगा। दिन में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। मंगलवार भी दिन में कहीं-कहीं बदली छायी थी। रात को ठण्डी हवाएं चलेंगी। एक-दो दिन आंधी के भी आसार बने हुए हैं। उमस में बढ़ोतरी हो सकती है।