महिला का घर के बरामदे और पति का शव पेड़ पर लटका मिला
राजेपुर फर्रुखाबाद । एक महिला का शव घर के बरामदे और पति का शव शुक्रवार सुबह खेत में पेड़ से लटका मिला। बेटा-बेटी घर के कमरे में सोते रहे और उन्हें घटना की जानकारी नहीं हो सकी। परिजनों के अनुसार शराब पीने को लेकर गुरुवार शाम को दोनों में विवाद हुआ था। इसके बाद पति घर से निकल गया था। पड़ोस में रहने वाले भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव बमियारी निवासी अटल बिहारी अवस्थी (45) खेती करता था। उसके चार बेटियां व एक बेटा है। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। बेटा पंकज (15) कक्षा 11 व बेटी प्राची (13) कक्षा सात में पढ़ती है। परिजनों के अनुसार अटल बिहारी शराब पीता था। एक सप्ताह पूर्व वह अपने ससुर गांव नगला हूसा निवासी मुन्नूलाल के साथ मेहंदीपुर बालाजी गया था। वहां से लौटने पर ससुर ने उससे शराब छोड़ने को कहा था।
अटल बिहारी ने शराब न पीने का वादा किया था। बावजूद इसके गुरुवार की शाम वह शराब पीकर घर पहुंचा। इस पर उसका पत्नी नीरज (42) से विवाद हो गया। इसके बाद वह घर से निकल गया। नीरज बेटे पंकज व बेटी प्राची के साथ कमरे में लेट गई। शुक्रवार सुबह पड़ोस में रह रहा अटल बिहारी का भाई विपिन उसके घर पहुंचा। वहां बरामदे में नीरज का शव छत के कुंडे से दुपट्टे से लटका था। बच्चे कमरे में सो रहे थे।
तभी किसी ने अटल बिहारी का शव गांव के बाहर खेत में नीम के पेड़ पर लटका होने की जानकारी दी। सूचना पर नीरज के पिता मुन्नूलाल परिजनों के साथ पहुंच गए। दोनों के शव फंदों से उतार लिए गए। विपिन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम को भेज दिए। एसओ देवेंद्र गंगवार ने बताया कि किसी ने कोई आरोप नहीं लगाया है। दोनों ने फांसी लगाकर जान दी है। पति और पत्नी में आपस में विवाद था।
ब्यूरो रिपोर्ट सोनू राजपूत की रिपोर्ट