35 डिग्री के पार पहुंचा दिल्ली का पारा, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
इस सीजन में पहली बार बुधवार के दिन राजधानी दिल्ली का पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। दिल्ली के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में दिन का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिनभर निकलने वाली तेज धूप के चलते दिल्ली के तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार सुबह से ही तेज धूप निकली रही। दिन चढ़ने के साथ ही धूप और तीखी हो गई। दोपहर के समय तो धूप ने तंग करना भी शुरू कर दिया है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी तेजी से इजाफा हो रहा है।