दिल्ली में चलेगी धूल भरी आंधी, बढ़ेगा तापमान; जानें हफ्तेभर कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में हफ्ताभर तेज धूप के साथ मौसम साफ रहेगा। यहां सामान्य से पांच से छह डिग्री अधिक तापमान रहेगा जो दिल्ली वालों के उमस व गर्मी से पसीने छूटाएगा। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप के साथ मौसम साफ रहा।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु निगरानी एजेंसी सफर के मुताबिक अगले तीन दिन 28 से 30 मार्च तक वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम से खराब श्रेणी में बना रहेगा। 28 और 29 मार्च को वेस्टर्न रीजन से धूल आने की संभावना है। 29 मार्च को दिल्ली में 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है जिससे इस दिन धूल भरी हवा चलने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा हवा की गति कम रहने से एक्यूआई में अधिक सुधार नहीं होगा।