प्रयागराज में रिटायर्ड फौजी ने साले को गोली मारी, पत्नी-बच्चे को 10 घंटे तक बनाए रखा बंधक
प्रयागराज के नैनी कोतवाली क्षेत्र के कनैला गांव में सोमवार शाम बहन की विदाई कराने आए युवक को उसके फौजी जीजा ने गोली मार दी। गोली युवक के हाथ में लगी है। उसे उपचार के लिए नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद फौजी ने खुद को घर में बंद कर लिया। उसने पत्नी और बच्चे को भी बंधक बना लिया। करीब 10 घंटे तक चले बवाल के बाद देर रात 12:30 बजे के करीब वह किसी तरह माना। तब जाकर उसके पत्नी-बच्चों को मुक्त कराया जा सका। पुलिस ने रिटायर्ड फौजी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
पत्नी और बच्चे को बंधक बनाने के बाद रिटायर्ड फौजी पुलिस को लगातार धमकी दे रहा था कि यदि उससे दरवाजा खुलवाने को कहा तो पत्नी और बच्चे को गोली मार देगा। उसने घर में तोड़फोड़ भी की। उसके पास एक चाकू और एक लाइसेंसी बंदूक थी। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश की। करीब 10 घंटे बाद वह पत्नी-बच्चे को मुक्त करने और खुद को पुलिस के हवाले करने पर राजी हुआ।