मरे दोस्त की पत्नी से शादी करना चाहता था शोहदा, मना किया तो विधवा के ऊपर फेंक दिया तेजाब
कानपुर जिले के बिधनू में मृत दोस्त की पत्नी ने शादी से इनकार किया तो शोहदे ने महिला पर तेजाब फेंक दिया। उसका चेहरा और कंधा बुरी तरह से झुलस गया। पीड़िता को सीएचसी बिधनू से उर्सला के बर्न वार्ड में रेफर किया गया है। पुलिस की तीन टीमें आरोपित की तलाश में लगाई गई थी। बुधवार शाम को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। बिधनू के तुलसियापुर गांव निवासी महिला (35) ने बताया कि एक साल पहले उसके पति की घाटमपुर में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पति वहीं पर ईंट भट्ठा में चालक था। इसके बाद से महिला अपने बेटे के साथ बिधनू स्थित मायके में रह रही थी। महिला एक धागा फैक्ट्री में मजदूरी करती है।
पीड़िता ने पुलिस को जानकारी दी कि जब पति जिंदा थे तो उनके तौधकपुर रोड तुलसियापुर कल्याणपुर निवासी मित्र अजय कुमार का घर आना-जाना था। पति की मौत के बाद से वह अश्लील हरकतें करने लगा था। साथ ही शादी का दबाव बना रहा था। वह आए दिन पीड़िता के घर पहुंच जाता था। वह काम पर जाती थी तो रास्ता रोककर उसे परेशान करता था। हर बार पीड़िता ने उसे साफ मना कर दिया।