सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, मेट्रो हॉस्पिटल मारपीट प्रकरण की जांच में जुटी पुलिस
एटा। शहर के एक निजी अस्पताल में हुई मारपीट की घटना के बाद मामला अब सोशल मीडिया तक पहुंच गया है। मेट्रो हॉस्पिटल में बीते दिनों हुई मारपीट के संबंध में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसने अपनी आपबीती बताते हुए पुलिस पर उसकी शिकायत की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
वायरल वीडियो में महिला ने दावा किया है कि उसकी बहन की वर्ष 2006 में संबंधित व्यक्ति से शादी हुई थी। बाद में वर्ष 2019 में उसकी स्वयं की भी उसी व्यक्ति से शादी हुई। महिला के अनुसार उसके दो बच्चे हैं, लेकिन करीब दो वर्ष पूर्व उसे घर से निकाल दिया गया ।
महिला ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति का एक अन्य महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा है, जो पहले से विवाहित है तथा उसके भी दो बच्चे हैं। महिला का कहना है कि मेट्रो हॉस्पिटल में हुई मारपीट की घटना में उसके साथ कथित प्रेमिका और उसके सहयोगियों द्वारा मारपीट की गई, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और बिना पूरी सच्चाई जाने उसके विरुद्ध कार्रवाई कर दी।
वहीं, जानकारी के अनुसार संबंधित महिला द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में स्वयं को उक्त व्यक्ति की तीसरी पत्नी बताया गया है। इस दावे के बाद मामला और अधिक उलझ गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला ने एटा पुलिस से न्याय की मांग करते हुए कहा है कि यदि दो दिनों के भीतर उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई तो वह कोई कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होगी। उसने इसके लिए थाना पुलिस, अपने पति तथा संबंधित महिला को जिम्मेदार ठहराया है।
इस संबंध में जब थाना पुलिस से जानकारी ली गई तो पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला मारपीट से जुड़ा है और जांच जारी है। पुलिस के अनुसार एक युवती ने स्वयं को तीसरी पत्नी बताते हुए शिकायत दर्ज कराई है, जिसकी भी जांच की जा रही है।
वहीं, कोतवाली नगर प्रभारी से मामले के अन्य पहलुओं पर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने जांच का हवाला देते हुए विस्तृत टिप्पणी करने से परहेज किया।
फिलहाल पूरा मामला जांचाधीन है और पुलिस सभी पक्षों के बयानों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।


