रांची : महिला ने थाना प्रभारी को जड़ा थप्पड़, पुलिस ने महिलाओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
झारखंड में पोषण सखियों का आन्दोलन तेज होता जा रहा है। राजधानी रांची में सोमवार को घंटों तक हंगामा और बबाल होता रहा। विधानसभा घेरने जा रहीं राज्यभर की सैकड़ों महिलाओं ने जगन्नाथपुर चौक के पास रोके जाने पर जमकर हंगामा किया। झारखंड राज्य एकीकृत पोषण सखी संघ के बैनर तले पहुंचीं महिलाओं ने बेरिकेडिंग के पास प्रदेश सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें हटाना चाहा, लेकिन वे विस तक जाने पर अड़ी रहीं। हंगामे की सूचना पर सिटी एसपी सौरभ दल-बल लेकर वहां पहुंचे। इसी बीच प्रदर्शकारियों ने बेरिकेडिंग गिरा दी और पुलिस से उलझ गईं। धक्का-मुक्की के बाद हाथापाई भी होने लगी। तभी एक प्रदर्शनकारी ने वहां मौजूद महिला थानेदार को थप्पड़ जड़ दिया।
थानेदार के साथ मारपीटपर महिला पुलिसकर्मियों ने लाठी चार्ज कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई और आधा दर्जन से ज्यादा महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस 12 महिलाओं को गिरफ्तार कर कैंप जेल ले गई।