होलिका दहन आज, कुछ जगहों पर शनिवार को मनेगी होली, ज्योतिषाचार्यों का मत
रंगोत्सव की धूम है। घर से लेकर बाजार तक तैयारी जोरों पर है। गुरुवार को होलिका दहन के लिए चौक-चौराहों पर लकड़ियों का ढेर लग गया है। रात 12 बजकर 57 मिनट के बाद होलिका दहन का मुहूर्त है। उससे पहले महिलाएं होलिका पूजन करेंगी।
होलिका दहन पूर्णिमा तिथि में रात के समय भद्रामुक्त काल में होता है। इस साल रात बारह बजे के बाद तक भद्रा का साया रहने के कारण होलिका दहन के एक दिन बाद होली मनाई जाएगी। बनारसी पंचांग के अनुसार 17 मार्च यानी गुरुवार की मध्यरात्रि 12.57 बजे से पहले तथा मिथिला पंचांग के अनुसार रात्रि 1.09 बजे से पहले तक भद्रा का साया रहेगा। होलिका दहन भद्रा के बाद होगा।